मोहाली। जिले में कोरोना से मंगलवार को चार लोगों की मौत हुई, जबकि 53 लोग नए संक्रमित मिले हैं। साथ ही 93 लोग कोरोना को मात देकर तंदुरुस्त हुए हैं। डीसी गिरीश दियालन ने लोगों को नसीहत दी है कि अब कोरोना गाइड लाइन का पालन सख्ती से करें। क्योंकि भले ही संक्रमण कमजोर पड़ रहा है, लेकिन खतरा अभी तक बरकरार है। लोग अपनी डाइट आदि का पूरा ध्यान रखें और मुंह पर मास्क का इस्तेमाल जरूर करें। भीड़ वाली जगह पर जाने बचें और सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखें। मंगलवार को संक्रमित हुए लोगों में डेराबस्सी से 11, ढकोली से 10, खरड़ से 11, कुराली से तीन, बनूड़ से एक और मोहाली शहरी एरिया से 15 केस सामने आए हैं। जिले में अब तक कुल 67876 केस सामने चुके हैं और इनमें से 66137 लोग ठीक हो चुके हैं। जबकि 710 केस सक्रिय हैं और 1029 लोगों की मौत हो चुकी है।