मोहाली। जिले में कोरोना संक्रमण कम होने के साथ ही अब मौतों की संख्या भी कम होने लगी है। यह बात जिला प्रशासन के लिए काफी राहत की है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि अगर स्थिति काबू में आ जाती है तो कई पाबंदियों से राहत मिल सकती है।
मंगलवार को जिले में कोरोना से चार लोगों की मौत हुई, जबकि 197 लोग संक्रमित हुए हैं। इसके साथ ही 533 लोगों ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीती है। अब जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या मात्र 2555 रह गई है। डीसी गिरीश दियालन ने इसकी पुष्टि की है।
मंगलवार को डेराबस्सी से 20, ढकोली से 48, लालडू से चार, घंडूआं से 10, खरड़ से 46, कुराली से 11, बनूड़ से 12 और मोहाली से अन्य मामले सामने आए हैं। जिले में अब तक कुल 66691 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 63164 लोग ठीक हो चुके हैं। इसके साथ ही 2555 सक्रिय केस हैं और 972 लोगों की जान गई है।
जिक्रयोग है कि कोरोना को मात देने के लिए जिला प्रशासन कई तरह के प्रयास कर रहा है। एक तरफ टीकाकरण और कोरोना जांच की संख्या बढ़ाई गई है। वहीं, दूसरी तरफ मिनी लॉकडाउन तक लगाया हुआ है। सेहत विभाग की तरफ से लोगों को हिदायत दी जा रही है कि वह छोटी-मोटी बीमारी के लिए अस्पताल न जाएं।