मोहाली। जिले में कोरोना महामारी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है और यहां आए दिन कोरोना पीड़ितों की मौत हो रही है। मंगलवार को चार और कोरोना पीड़ितों की मौत हो गई, जबकि 192 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही 83 मरीजों ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीती है। साथ ही जिले में कोरोना से मौतों की कुल संख्या 407 पर पहुंच गई है, जो कि ट्राइसिटी में सबसे अधिक है।
डीसी गिरीश दियालन ने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे में लोगों को कोरोना की रोकथाम के लिए अब अहम जिम्मेदारी निभानी होगी। इसके लिए सबसे पहले स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी किए गए कोरोना दिशानिर्देशों का पालन करना होगा। सभी को अपने घरों से निकलते समय मास्क पहनना चाहिए और भीड़ वाली जगह पर जाने से बचना चाहिए। बाजारों में या मंडी में सामाजिक दूरी जरूर बनाकर रखनी चाहिए। वहीं, जिन आयु वर्ग के लोगों के लिए कोरोना टीकाकरण चल रहा, उन्हें पहल के आधार टीकाकरण करवाना चाहिए।
जानकारी के मुुताबिक जिन लोगों की कोरोना महामारी से मौत हुई है। जिला प्रशासन की तरफ से उनके बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई। हालांकि संक्रमित हुए लोगों में बूथगढ़ से एक, ढकोली से 10, खरड़ से दो, लालड़ू से एक और मोहाली शहरी क्षेत्र के सबसे अधिक 178 केस सामने आए हैं। वहीं, जिले में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल 22218 केस सामने आ चुके हैं और इनमें से 20368 लोग तंदुरुस्त हो चुके हैं। वहीं, जिले में अभी 1443 केस सक्रिय हैं।