दो हवालातियों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
पटियाला। नाभा की नई जिला जेल में चले तलाशी अभियान के दौरान चार मोबाइल फोन व नशे बरामद किए गए हैं। थाना सदर नाभा पुलिस ने मामले में जेल प्रशासन की शिकायत में दो हवालातियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। नाभा जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट राहुल चौधरी की ओर से पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक जेल में हवालाती सरबजोत सिंह निवासी हरी करतार कालोनी जिला लुधियाना की तलाशी लेने पर चार ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ। बाद में जब हवालाती के बिस्तरे की तलाशी ली, तो इसमें से दो मोबाइल फोन समेत बैटरी व सिम और एक डाटा केबल बरामद की गई। इसी तरह से हवालाती अमनदीप कुमार निवासी गांव धनौरी मोरिंडा जिला रूपनगर की तलाशी लेने पर एक मोबाइल समेत बैटरी व सिम और एक सफेद रंग की छोटी डाटा केबल बरामद की गई। पुलिस ने इस शिकायत पर दोनों हवालातियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है कि हवालातियों के पास जेल में मोबाइल व नशा कैसे पहुंचा और मोबाइलों के जरिये वह किसके साथ संपर्क में थे। गौरतलब है कि नाभा जेल में लगातार मोबाइलों व नशे की बरामदगी हो रही है। सीएम भगवंत मान ने खुद इस जेल का कुछ समय पहले दौरा करके सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया था।