मोहाली। 16 दिन पहले गांव कुंभड़ा से लापता 22 साल के युवक का शव सड़ी-गली हालत में चंडीगढ़ सेक्टर-53 में जंगल में बने 20 फुट गहरे कुएं से मिला है। प्राथमिक जांच में मामला हत्या का लग रहा है। गर्दन पर चिकन काटने वाले चापड़ से वार किया हुआ है। शव गांव कुंभड़ा में किराए पर रहने वाले अनिल चौहान का है। फेज-8 थाने में पुलिस ने अनिल के बड़े भाई उमेश चौहान के बयान पर 29 अक्तूबर को बीएनएस की धारा 127/4 (अगवा करना) व 3/5 (एक से ज्यादा लोगों का अपराध में शामिल होना) के तहत मामला दर्ज किया था। मोहाली पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने अपनी पूछताछ में खुलासा किया है कि अनिल की शराब पिलाने के बाद हत्या की थी। इसके बाद शव को कुएं में फेंक दिया था। मोहाली पुलिस मंगलवार शाम करीब सवा पांच बजे शव बरामद करने से पहले चंडीगढ़ पुलिस से संपर्क किया। दोनों एरिया की पुलिस की मौजूदगी में शव को रस्सियों की सहायता से कुएं से बाहर निकाला गया। कई दिनों से पानी में रहने की वजह से शव गल चुका था। सूत्रों के अनुसार अनिल की हत्या प्रेम प्रसंग के चलते हुई है। बताया जा रहा है कि युवती के भाई और उसके दोस्तों ने हत्या की है।
अनिल मूल रूप से बुढलाड़ा जिला मानसा का रहने वाला है। वह कुंभडा में अपने दोस्तों के साथ किराए पर रह रहा था। वह फेज-9 में ब्लैंकेट स्टोर पर काम करता था। उसका एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। यह बात युवती के परिवार को पता लगने के बाद अनिल को परिवार की तरफ से वार्निंग भी दी गई थी। कुछ समय तक अनिल ने युवती से बातचीत बंद कर दी थी लेकिन दोबारा बातचीत शुरू होने पर नौबत हत्या तक पहुंच गई। मृतक अनिल के भाई उमेश चौहान के अनुसार वे चार भाई हैं। उसका भाई मोहाली में अकेला रहता था। 19 तारीख को वह घर से गया था। उसने शराब पी रखी थी। उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था।
इस मामले में तीन से चार लोग गिरफ्तार किए है। प्रेम प्रसंग का मामला था। बॉडी कस्टडी में ले ली गई है। - दिलप्रीत सिंह, एसपी सिटी