जीरकपुर। चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर बुधवार दोपहर एक ट्रक की चपेट में आने से फूड डिलीवरी ब्वॉय की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब ट्रक की टक्कर लगने से डिलीवरी ब्वॉय की बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद ट्रक का पिछला टायर उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक 25 साल का धर्मेंद्र यूपी के जिला बिजनौर का रहने वाला था और यहां पर पंचकूला में रह रहा था। इस हादसे के बाद राहगीरों ने ट्रक चालक जोगिंदर सिंह को काबू करके पुलिस के हवाले कर दिया।
यह हादसा पटियाला चौक से पहले उस समय हुआ जब ट्रक चंडीगढ़ की ओर जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डेराबस्सी के सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। जांच अधिकारी एएसआई राजकुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को जानकारी दे दी है। ट्रक चालक जोगिंदर सिंह को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।