डेराबस्सी। क्षेत्र में मेथेनॉल और स्पिरिट की बिक्री और उपयोग पर प्रशासन की सख्ती के बावजूद कई फैक्टरियों में गड़बड़ी की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से जांच की गई। इस दौरान मैसर्स पावरकेम टैक में मेथेनॉल के इस्तेमाल में खामियां पाई जाने पर उसको नोटिस जारी किया गया है। इस मौके पर चार इकाइयों का दौरा किया गयाए जिसमें से एक इंकाई स्टाॅक रजिस्टर और बिल नहीं दिखा सकी। इसी कंपनी को नोटिस दिया गया है।
एसडीएम डेराबस्सी हिमांशु गुप्ता ने कहा कि पावरकेम टेक कच्चे माल के रूप में मेथनॉल का उपयोग करके फॉर्मेल्डिहाइड का उत्पादन करती है, यह कंपनी मेथनॉल का स्टॉक रजिस्टर और बिल दिखाने में विफल रही है, यह लापरवाही है। रिकॉर्ड रखने में लापरवाही बरतने और आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करने पर प्रबंधकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एसडीएम डेराबस्सी हिमांशु गुप्ता ने कहा कि कंपनी को 18 अप्रैल को सुबह 10 बजे तक आवश्यक दस्तावेज समिति के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा गया है, अन्यथा कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
डीसी ने दिए हैं आदेश
डीसी मोहाली आशिका जैन ने मेथेनॉल और स्पिरिट को लेकर हिदायत जारी की थी। डीसी द्वारा गठित टीम ने ही मेथेनॉल और औद्योगिक स्पिरिट की बिक्री और उपयोग की जांच के लिए फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया। सब डिविजनल मजिस्ट्रेट डेराबस्सी हिमांशु गुप्ता ने कहा कि सब डिविजन स्तर की कमेटी में वह, श्रुति शर्मा, ब्लॉक लेवल एक्सटेंशन ऑफिसर (उद्योग), गुरविंदर सिंह एक्साइज इंस्पेक्टर और सतनाम सिंह सहायक उप निरीक्षक, प्रभारी, मुबारकपुर पुलिस स्टेशन शामिल थे। समिति ने संयुक्त रूप से चार औद्योगिक इकाइयों का दौरा किया जहां मेथनॉल का उपयोग कच्चे माल के रूप में किया जाता है।
इन फैक्ट्रियों का निरीक्षण किया गया
प्रशासन की टीम ने मैसर्स पावर केम टेक, इंडस्ट्रियल फोकल प्वाइंट, डेराबस्सी, मैसर्स एलीकेम लैब्स प्राइवेट लिमिटेड, डेराबस्सी, मैसर्स सुरभि पॉलिमर्स, डेराबस्सी और मैसर्स सिंथाईमड लैब्स प्राइवेट लिमिटेड, डेराबस्सी की जांच की। सुरभि पॉलिमर्स और सिंथाइम्ड लैब्स के पास कच्चे माल और सक्रिय घटक के रूप में मेथनॉल के उपयोग के सटीक रिकॉर्ड और भंडारण मात्रा के रिकॉर्ड पाए गए। एलीकैम लैब्स ने कहा कि हालांकि इकाई के पास वर्तमान में मेथनॉल के भंडारण का लाइसेंस है, इकाई न तो मेथनॉल खरीद रही है और न ही किसी भी रूप में इसका उपयोग कर रही है।