मोहाली। थाना बलौंगी क्षेत्र में बंद घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया है। पीड़ित नीरज निवासी मकान-504 गली-4, शिव मंदिर रामपुर ने थाना बलौंगी में शिकायत दर्ज करवाई है। चोर करीब पांच तोले सोने के गहने, तीन लाख रुपये नकद और कुछ चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पीड़ित पेशे से सिक्योरिटी गार्ड है। नीरज ने पुलिस को बताया कि 10 जनवरी की रात करीब 8 बजे वह ड्यूटी पर गया था।
उसकी पत्नी उस समय मायके गई हुई थी। 11 जनवरी की सुबह करीब 5 बजे जब वह ड्यूटी से लौटा तो देखा कि घर के बाहर लगा गेट का ताला टूटा था। अंदर जाकर देखा तो घर की ग्रिल और कमरे का ताला भी टूटा मिला। सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित के अनुसार अलमारी का सेफ तोड़कर उसमें रखे करीब पांच तोले सोने के गहने, लगभग तीन लाख रुपये नकद और कुछ चांदी के जेवर नहीं मिले। काफी तलाश करने के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 व 331(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।