जीरकपुर। प्लेटिनम होम्स सोसायटी में पीने के पानी के पांच सैंपल फेल हो गए हैं। यह सैंपल सोसाइटी के ट्यूबवेल और फ्लैटों से लिए गए थे। स्वास्थ्य विभाग ने पानी की गुणवत्ता में सुधार के लिए सोसायटी को नोटिस भी जारी किया था। अब एक सप्ताह बाद दोबारा पानी के सैंपल लिए जाएंगे।
गौरतलब है कि शनिवार को प्लेटिनम सोसायटी के करीब 50 लोगों को दूषित पानी पीने से उल्टी, दस्त व अन्य बीमारियों की समस्या सामने आई थी। इसके बाद स्थानीय निवासियों की ओर से सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों से अपना इलाज करवाया गया था। सेहत विभाग ने जांच कैंप लगाकर लोगों का चेकअप किया था और उन्हें दवाई भी थी।
लीकेज कहां से हो रही नहीं चल पाया पता
प्लेटिनम होम्स वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष ओंकार सैनी, दिनेश कुमार शर्मा, वीरेंद्र, प्रवीण कुमार, अजेश प्रजापत, विपुल कटारिया, मनजीत सिंह व अन्य ने बताया कि यह सोसायटी अभी तक बिल्डर की ओर से काउंसिल को नहीं सौंपी गई है। सोसाइटी में अभी तक यह नहीं पता चल पाया है की लीकेज कहां से हो रहा है। जबकि टीमें जांच में जुटी हुई हैं। हलांकि लीकेज के दो प्वाइंट पता कर लिए गए हैं लेकिन फिर भी पानी में से अभी भी बदबू आ रही है। शायद कही और भी लीकेज हो सकती है तो कल टीम फिर से दोबारा पाइप लाइन चेक करेगी।
कोट्स....
सोसाइटी हमारे अंडर नहीं है लेकिन पीने वाले पानी के टैंकर भेजने का इंतजाम कर रहे हैं और लीकेज ठीक करवाने के आदेश दे दिए गए हैं। जल्द प्वाइंट का पता लगाकर समस्या का हल कर दिया जाएगा।
-रवनीत सिंह, कार्यकारी अधिकारी जीरकपुर