मोहाली। जिले में कोरोना संक्रमितों के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और आए दिन लोगों की मौत हो रही है। बुधवार को जिला मोहाली में पांच लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई, जबकि 254 लोग नए संक्रमित पाए गए हैं। जिले में अब कोरोना से मरने वाले लोगों की संख्या 433 हो गई है। जो कि ट्राइसिटी में सबसे अधिक है। डीसी गिरीश दियालन ने कहा कोरोना महामारी का प्रकोप बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों को चाहिए कि वह मास्क जरूर पहनें और सामाजिक दूरी का पालन करें। साथ ही बाहर से घर या दफ्तर में आने पर साबुन से हाथ जरूर धोएं।
वहीं डीसी ने सभी विभागों को हिदायत दी है कि जो लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उन पर सख्ती की जाए। कोरोना दिशानिर्देशों का पालन नहीं करने वाले लोगों के चालान किए जाने चाहिए।
जानकारी के मुताबिक 24 घंटे में एक साथ पांच लोगों की कोरोना से मौत हो जाना प्रशासन के लिए खतरे की घंटी है। हालांकि जिन लोगों की कोरोना से मौत हुई है उनके बारे में प्रशासन की ओर से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई। बताया जा रहा है कि जिन लोगों की मौत हुई है वह कोरोना के अलावा अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थे।
वहीं, जो नए कोरोना संक्रमित पाए गए हैं उनमें डेराबस्सी के चार, ढकेली के छह, खरड़ के पांच, लालड़ू के 10 और मोहाली शहरी क्षेत्र के 229 केस शामिल हैं। जबकि 317 लोग कोरोना को मात देकर तंदुरुस्त हुए हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 26693 हो गई है और इनमें से 23076 लोग ठीक हो चुके हैं। जिले में अभी 3184 केस सक्रिय हैं।
बता दें कि मोहाली जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में कोरोना के टेस्ट बिल्कुल मुफ्त किए जा रहे हैं। इसके अलावा सेहत विभाग की ओर से रिहायशी इलाकों और इंडस्ट्रियल एरिया में मोबाइल लैब भेजी जा रही है, जिससे इस महामारी पर नकेल कसी जा सके। वहीं, जिले के सरकारी अस्पतालों, प्राथमिक सेहत केंद्रों और कुछ निजी अस्पतालों में टीकाकरण मुहिम चल रही है।