जीरकपुर। बलटाना की आनंद विहार कॉलोनी में मंगलवार दोपहर करीब सवा तीन बजे पांच बदमाशों ने दिनदहाड़े एक घर में घुसकर पिस्टल के बल पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने घर में मौजूद महिला और उसकी बहू के साथ मारपीट की, कानों की बालियां छीन लीं तथा नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना के समय घर में महिला पुष्पा, उसकी बहू रवीना और दो पोतियां मौजूद थीं।
पीड़ित परिवार के अनुसार दो आरोपी पिस्टल लेकर घर के अंदर घुसे, जबकि उनके तीन साथी बाहर निगरानी कर रहे थे। घर में प्रवेश करते ही आरोपियों ने 10 हजार रुपये की मांग की। विरोध करने पर उन्होंने रवीना के साथ मारपीट की और उसके कानों की बालियां छीन लीं। शोर मचाने पर एक आरोपी ने पिस्टल की बट से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी घर में रखे करीब सात हजार रुपये नकद और बच्चों की चांदी की पायजेब लेकर फरार हो गए।
वारदात के बाद आरोपी पास की एक संकरी गली से भाग निकले। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में नशे का कारोबार बढ़ने से इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
एक सप्ताह में तीसरी बड़ी वारदात, सुरक्षा पर उठे सवाल
बलटाना क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह के दौरान यह तीसरी बड़ी आपराधिक घटना है। 27 मई को रामलीला ग्राउंड रोड पर दो गुटों के बीच तलवारबाजी हुई थी, जबकि 29 मई को उसी रंजिश में दोबारा खूनी झड़प हुई। इस घटना में घायल युवक आशू का उपचार जीएमसीएच-32 में चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से क्षेत्रवासियों में डर का माहौल है। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
एक-दूसरे ग्रुप की लड़ाई है जिसे लूट की रंगत दी जा रही है
यह घटना भी दो दिन पहले हुई वारदातों का हिस्सा है। जो महिलाएं आरोप लगा रही हैं, वह लाला का घर है जोकि नशा बेचता है। महिला जिस पर पिस्टल से घायल करने का आरोप लगा रही है वह एक हाथ से अपाहिज है। महिलाओं की कहानी झूठी है। लाला की गिरफ्तारी बाकी है। सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए हैं, लूट जैसी कोई बात सामने नहीं आई है, जो युवक दिखाई दे रहे हैं वह नशेड़ी है। पहले हुई लड़ाई में लाला सीसीटीवी में दिखाई दिया है, यह एक-दूसरे ग्रुप की लड़ाई है जिसे अब लूट की रंगत दी जा रही है।- हरजिंदर सिंह, चौकी इंचार्ज बलटाना