दोपहिया वाहनों पर जाली नंबर लगाकर बेचने वाले पांच शातिर काबू, 13 वाहन बरामद
पुलिस को मिली थी गांव मटौर में दोपहिया वाहन खरीदने के लिए आने की सूचना, मौके पर दबोचा, तीन फरार
माई सिटी रिपोर्टर
मोहाली। मटौर थाना पुलिस ने इलाके में दोपहिया वाहन चुराने वाले पांच शातिरों को पकड़ा है। पकड़े गए सभी आरोपी बलौंगी के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान साहिल, सुरिंदरजीत सिंह, हर्ष, कासिम और हिमांशु के रूप में हुई है। इनसे पुलिस ने 13 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। वहीं बलौंगी के ही तीन अन्य आरोपियों विशाल, गोला और मौसीम वासी गांव बड़माजरा (बलौंगी) अभी फरार हैं। पुलिस का दावा है कि इन्होंने चार वाहन चोरी किए थे और इन्हें अभी बरामद करना है।
मटौर पुलिस के एसएचओ गब्बर सिंह ने बताया कि एएसआई लखविंदर कुमार ने गांव मटौर के सामुदायिक केंद्र के पास संदिग्ध लोगों की तलाश में नाका लगा रखा था। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि उक्त आरोपी जोकि दोपहिया वाहन चुराने के आदी है और जाली नंबर प्लेट लगाकर वाहन आगे बेचते हैं। वे आज भी वाहन चुराने के इरादे से गांव मटौर में घूम रहे हैं। इस सूचना पर उन्हें काबू कर लिया।
रेकी के बाद करते थे वारदात
एसएचओ गब्बर ने बताया कि इनमें से दो शातिर रेकी करके सुनसान खड़ी बाइक को देखते थे। इसके बाद वे अपने साथी के साथ बाइक पर आते थे और उस बाइक पर बैठकर उसका ताला तोड़ने के बाद साथी की मदद से धक्का मारकर ले जाते थे। इसके बाद साहिल उन पर जाली नंबर लगाकर उन्हें आगे बेच देता था। इनसे बाइक खरीदने वाले झपटमार थे और वे झपटमारी में इनके इस्तेमाल करते थे।
चोरी वाहन पर लगाते थे असली वाहन का नंबर
पुलिस ने बताया कि चोरी के बाद शातिर दोपहिया वाहन पर उसी रंग के अन्य असली वाहन का नंबर लगाते थे ताकि नाके के दौरान चेकिंग में अगर वाहन पकड़ा भी जाए तो भी पुलिस उसे जल्द पहचान न सके। उदाहरण के लिए अगर वह काले रंग की एक्टिवा चुराते थे तो उस पर किसी ऐसे काले रंग की एक्टिवा का नंबर लगाते थे जो कहीं और रजिस्टर्ड हो।