खरड़। शहर के एक नामी बिल्डर को गैंगस्टर बनकर फोन कॉल और व्हाट्सएप पर मैसेज कर फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकियां देने का मामला सामने आया है। आरोपी बिल्डर से एक बार 50 हजार रुपये ले चुके थे, जबकि 5 लाख की फिरौती और मांग कर रहे थे। पुलिस ने अंबिका प्रोजेक्ट के बिल्डर प्रवीन कुमार की शिकायत पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों की पहचान शिवालिक सिटी निवासी हरजीत सिंह उर्फ गंजा और वरिंदर सिंह उर्फ गोल्डी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ जान से मारने की धमकियां देने, जबरदस्ती वसूली करने, व्यक्ति को शारीरिक नुकसान पहुंचाने का डर पैदा करने समेत कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर ले लिया है। वहीं, विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक इस मामले में खरड़ के दो मीडिया कर्मियों समेत पांच और लोगों का नाम भी सामने आ रहा है। पुलिस उनकी पड़ताल करने में जुटी हुई है। जल्द ही केस में कुछ और लोगों की गिरफ्तारी होने की उम्मीद है
पुलिस को दी शिकायत में प्रवीन कुमार ने बताया कि वह मोहाली के फेज-5 में रहते हैं। उनका कंस्ट्रक्शन का काम मोहाली और खरड़ में चल रहा है और उनका प्रोजेक्ट अंबिका के नाम से है। पिछले तीन महीने से गोल्डी और गंजा नाम के दो लोग उसे परेशान कर रहे थे। दोनों उसे फोन और व्हाट्सएप कॉल करके धमकाते थे और खुद को गैंगस्टर बताते थे। कहते थे कि जेल में उनके कई गैंगस्टर साथी हैं और उन पर मुकदमे चल रहे हैं। किसी की भी जान लेना उनके लिए बाएं हाथ का खेल है। कहते थे कि खरड़ के कई नामी बिजनेसमैन अपना कारोबार चलाने के लिए उन्हें पैसे देते हैं। अगर वह भी अपना कारोबार बिना किसी झंझट से करना चाहता है तो उन्हें मंथली रकम देनी होगी। वह धमकियां देते थे कि उसके प्रोजेक्टों में कई तरह की खामियां हैं और वह इसका खुलासा करके उसका कारोबार बंद करवा देंगे, और उसे जान से मार देंगे।
प्रवीन ने पुलिस को बताया कि 21 जून को दोनों आरोपी एक स्कॉर्पियो में आए और उसे और उसके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देकर उसे डरा-धमकाकर एक लाख रुपये ले गए थे। इसके बाद भी वे उसे लगातार प्रताड़ित कर धमका रहे थे।
पांच मिनट में पांच लाख की फिरौती लेकर खरड़ में बुलाया
प्रवीन ने बताया कि 24 जून को आरोपियों ने दोपहर डेढ़ बजे उसे फोन किया कि पांच मिनट में पांच लाख रुपये की फिरौती लेकर खरड़ में शिवालिक सिटी के गेट पर पहुंचो। साथ ही धमकी दी कि अगर पांच लाख नहीं पहुंचाए तो उसके माथे पर गोली मार दी जाएगी। इस पर प्रवीन ने पुलिस को सूचना देकर योजना बनाई और अपने एक साथी के साथ पैसे देने पहुंचा। वहां पर पहले से ही गंजा उर्फ हरजीत और गोल्डी दोनों मौजूद थे। प्रवीन ने गंजे को पांच लाख रुपये का बैग दे दिया। तभी पहले से मुस्तैद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
नगर परिषद का चुनाव लड़ चुका है आरोपी हरजीत
जानकारी के मुताबिक हरजीत उर्फ गंजा नगर परिषद के अधिकारियों की कमजोरियां अच्छी तरह जानता है। उसे नगर परिषद कमाई का मोटा जरिया दिख रहा था। इसी लालच में उसने इस बार जनवरी में नगर परिषद के चुनाव भी लड़े थे। साथ ही अपना एक ग्रुप बनाकर कई अन्य उम्मीदवारों को भी अलग-अलग वार्डों से चुनाव लड़वाया था। लेकिन हरजीत और उसके सभी साथी हार गए थे। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपी पहले भी एक नामी बिल्डर समेत कई लोगों से लाखों रुपये की वसूली कर चुके हैं।