रविवार दोपहर दो बजे पुलिस और फायर ब्रिगेड उस समय मुश्किल में आ गई, जब किसी ने कंट्रोल रूम में सूचना दी कि बिजली बोर्ड की रिहायशी क्षेत्र के पास भयानक आग लगी है। इसकी वजह से बिजली बोर्ड का गेस्ट हाउस और स्टोर भी चपेट में आने वाले हैं। यह सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के अलावा एक प्राइवेट एजेंसी की फायर टेंडर घटनास्थल की ओर सरपट दौड़े। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचते ही वहां तीन एकड़ एरिया की झाड़ियों में लगी आग को बुझाने के लिए जद्दोजहद शुरू की। हालांकि, आग बुझाने में फायर ब्रिगेड की टीम को काफी मुश्किल का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर पुलिस ने फायर ब्रिगेड कंट्रोल में फोन कर अन्य गाड़ियों की डिमांड की, लेकिन पता चला है कि अन्य गाड़ियां मोहाली क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को होने वाले मैच के लिए भेजी गई हैं। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल के पास 200 केवी का सब स्टेशन है और अगर आग फैलती है तो ये स्थल आग की चपेट में आ सकता है। आग लगने का कारण शाट सर्किट बताया जा रहा है।