जीरकपुर। प्रीत कॉलोनी में मंगलवार शाम करीब 5:20 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक मकान में गैस लीक होने से आग भड़क गई। प्रीत कॉलोनी निवासी नेहा ने बताया कि आग गैस सिलिंडर में लीकेज के कारण लगी। सिलिंडर की पाइप में आग लग गई। इसके बाद रस्सी से सिलिंडर को बाहर निकाला। घर के सदस्यों ने घबराने की जगह सूझबूझ का परिचय दिया और लीक हो रहे सिलिंडर को तुरंत घर से बाहर निकाला। उनकी तत्परता के चलते आग को फैलने से रोका जा सका। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।