जीरकपुर। गांव भबात क्षेत्र में पड़ते गोदाम एरिया में शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक निजी मोबाइल कंपनी के टावर बॉक्स में आग लग गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने फोम से आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग बक्से के अंदर होने के कारण नहीं बुझाई जा सकी। इसके बाद दमकल विभाग को इसकी सूचना दी गई और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़-अंबाला रोड स्थित ओएसिस बैंक्वेट के पीछे गोदाम की इमारत नंबर केए 17/60 पर एक निजी मोबाइल कंपनी के टावर बॉक्स में आग लग गई। गनीमत रही कि फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया, नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था क्योंकि घटनास्थल के आसपास कई कैमिकल के गोडाउन भी मौजूद है। आसपास के गोदाम आग की चपेट में आ सकते थे।
कोट
आग लगने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी और आधे घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने आग को पूरी तरह से बुझा दिया था। यह टावर वैध है या अवैध यह तो नगर परिषद के अधिकारी ही बता सकते हैं। - जसवंत सिंह, इंस्पेक्टर, दमकल विभाग।