जीरकपुर। सुखना कॉलोनी में बिजली के मीटर के बॉक्स में अचानक आग लग गई। इस कारण उसमें लगे कई मीटर जल गए। बॉक्स से उठी चिंगारियों की आवाज के शोर सुनकर लोग अपने घरों से बाहर आ गए। इसके बाद बिजली विभाग को आग की सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने बिजली सप्लाई बंद कर आगामी कार्रवाई को अंजाम दिया।
सुखना कॉलोनी के लोगों ने बताया कि सोमवार दोपहर उनको एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने बाहर आकर देखा तो बिजली के मीटर बॉक्स से काला धुआं निकल रहा था और चारों तरफ आग की लपटें निकल रही थीं। उन्होंने विभाग को सूचना दी। दूसरी ओर, सूचना पर मौके पर पहुंचे बिजली विभाग कर्मचारियों के पास आग बुझाने के लिए कोई समान नहीं था। लोगों का कहना है कि एक मीटर में स्पार्किंग के कारण बाकी बिजली मीटर भी जलकर राख हो गए।