जीरकपुर। पीरमुछल्ला क्षेत्र में विक्टोरिया हाइट्स सोसाइटी में शनिवार दोपहर करीब सवा बारह बजे एक फ्लैट में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग 11वीं मंजिल पर फ्लैट नंबर-1101 में लगी। यह सरिता सिंह का बताया जा रहा है। घटना के समय फ्लैट मालिक अपने परिवार के साथ मोगा गए थे। फ्लैट खाली था। पड़ोसियों ने फ्लैट से धुआं और आग की लपटें उठती देखकर तुरंत सरिता सिंह को फोन कर सूचना दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फ्लैट के अंदर रखा अधिकांश घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
सूचना मिलते ही फायर ऑफिसर राजीव कुमार ने तुरंत दमकल विभाग की टीम को मौके पर भेजा। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है।