लालड़ू। लालड़ू मंडी में आंचल गारमेंट्स के गोदाम में अचानक आग लगने से लाखों रुपए का कपड़ा जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
गोदाम मालिक विजय कुमार पुत्र बिशन दास निवासी लालड़ू मंडी ने बताया कि उसका कपड़े का गोदाम वर्मा क्लीनिक के सामने वाली गली में है। उसमें दोपहर तीन बजे अचानक आग लग गई। उन्होंने लोगों की मदद से आग पर काबू पाना शुरू किया। इसके बाद सूचना पर पहुंची डेराबस्सी फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने तुरंत आग पर काबू पा लिया।
विजय कुमार ने बताया कि जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक गोदाम में रखा 25 से 30 फीसदी कपड़ा जलकर राख हो गया। इसकी बाजार में कीमत करीब दो लाख रुपये है और बाकी कपड़ा बचा लिया गया।
फायर ऑफिसर बलजीत सिंह ने बताया कि दोपहर तीन बजे उन्हें सूचना मिली कि लालड़ू मंडी में एक कपड़े के गोदाम में आग लग गई है, इसलिए पांच-सात मिनट में दमकल की गाड़ी घटना स्थल पर पहुंची। अग्निशमन दल में सुखदेव सिंह और बरिंदर कुमार, फायरमैन पुनीत कुमार, अमनजोत सिंह और मनप्रीत सिंह के साथ वे मौके पर पहुंचे और उन्होंने आग पर काबू पा लिया।