डेराबस्सी। मेन बाजार के साथ लगी कृष्णा मंदिर वाली गली में सोमवार सुबह एक घर के बाहर बनी गिफ्ट शॉप में अचानक आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। दुकान के मालिक राकेश शर्मा ने कहा कि उन्होंने घर के बाहर ही दुकान बनाई है। इसमें गिफ्ट आइटम, स्टेशनरी सहित अन्य सामान रखा हुआ है।
उन्होंने बताया कि रोजाना की तरह रात को दुकान बंद की थी। सुबह उन्होंने दुकान से आग की लपटें निकलती देखी। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी तुरंत फायर ब्रिगेड को दी। गली तंग होने के कारण फायर कर्मियों को दमकल वाहन मौके पर ले जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद फायर कर्मियों ने खुली जगह पर गाड़ी खड़ी कर वहां से पाइप जोड़कर आग पर काबू पाया। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया था। आग इतनी भयानक थी कि दुकान के पीछे स्थित घर के कुछ कमरों को अपनी चपेट में ले लिया। फायर कर्मियों ने पहले दुकान और बाद में घर में लगी आग पर काबू पाया। आग के कारण दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे भी जलकर राख हो गए। घर के बाहर से बिजली की तार भी जलकर राख हो गई।