बरवाला मार्ग पर स्थित एटीएस फ्लैट में सोमवार शाम ट्यूशन पढ़ने वाले दो बच्चों की कहा-सुनी के दौरान झगड़ा इतना बढ़ गया कि इसमें बड़े भी शामिल हो गए। इस दौरान हुए झगड़े में एक सिक्योरिटी गार्ड, ट्यूशन पढ़ाने वाला शिक्षक और एक बच्चे की मां घायल हो गए। तीनों को डेराबस्सी सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। दूसरे पक्ष की ओर से भी बच्चे के पिता ने झगड़े में खुद, पत्नी व बच्चे के घायल होने की बात कही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक चेतन मनोचा ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचे एक बच्चे के मां-बाप ने पहले एटीएस के सिक्योरिटी गार्ड सुखजीत सिंह वासी राणीमाजरा, फिर उसे और बाद में साथ पढ़ते एक बच्चे की मां विसाखा चौहान पत्नी ओमप्रकाश से मारपीट की।
ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक चेतन मनोचा ने बताया कि वह एटीएस के फ्लैट नंबर 301 में रहता है और बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता है। सोमवार शाम ट्यूशन दौरान दो बच्चों की आपस में कहासुनी हो गई। दोनों बच्चों ने अपने मां-बाप को फोन करके मौके पर बुला लिया। पहले तो एक बच्चे के पिता कृष्ण लाल भोला व उसके साथ आए तीन अज्ञात साथियों ने जबरदस्ती सोसायटी में दाखिल होकर गेट पर तैनात गार्ड के साथ मारपीट की। इसके बाद वह जबरदस्ती उसके फ्लैट में दाखिल हो गए और फिर उन्होंने दूसरे बच्चे की मां विसाखा व उससे मारपीट की। हमले में चेतन के दो दांत भी टूट गए। हमला करने के बाद वह तीनों वहां से फरार हो गए। पुलिस ने घायलों के बयान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर दूसरे पक्ष के विजय भोला ने बताया कि उन्होंने किसी के साथ कोई मारपीट नहीं की बल्कि शिक्षक ने उनके साथ पहले बदतमीजी की। वह दूसरे बच्चे द्वारा उसके बच्चे को पीटने का कारण पूछने गए थे। उन्होंने शिक्षक चेतन, पड़ोसी विसाखा चौहान व सिक्योरिटी गार्ड सुखबीर पर पत्नी, बच्चे व उनसे मारपीट का आरोप लगाया। उन तीनों का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी बीरइंद्र सिंह के अनुसार दोनों पक्षों के घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। इसके बाद बनती कार्रवाई की जाएगी।