मोहाली। अंब साहिब कॉलोनी में मोटरसाइकिल हटाने के लिए कहने पर झगड़ा हो गया। यह झगड़ा इनता बढ़ गया कि छह युवकों ने एक युवक पर तलवारों और किरच से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक सेक्टर-82 निवासी जयविंदर के सिर और चेहरे पर वार किए गए और उसके सिर में आठ और गाल पर चार टांके लगे हैं। फेज-11 थाना पुलिस ने घायल के बयान पर अंब साहिब कॉलोनी के रहने वाले छह लोगों पर केस दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान सतपाल, तेजपाल, महिंदर, राकेश, पंंकज और एक अज्ञात के रूप में हुई है। सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं और इनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में घायल जयविंदर ने बताया कि वह सेक्टर-82 में शीशे का काम करता है। चार नवंबर को वह अंब साहिब कॉलोनी स्थित अपने जीजा के घर पर गया था। कुछ समय बाद जब वह घर जाने लगा तो उसके जीजा के पड़ोसी तेजपाल ने गलत ढंग से बाइक लगाकर रास्ता बंद कर रखा था। उसने तेजपाल को मोटरसाइकिल हटाने के लिए कहा तो वह गुस्से में आ गया और उसके साथ गाली-गलौज करने लगा। इसी बीच उसके और साथी भी हाथ में तलवार और किरच लेकर आ गए। इन हमलावरों ने उसे पहले नीचे गिराया, फिर सिर पर तलवार से वार कर दिया। एक हमलावर ने उसके गाल पर किरच मारी। जब उसे बचाने के लिए उसकी बहन और जीजा आए तो हमलावरों ने उनपर भी हमला कर दिया। जब लोग इकट्ठे होने लगे तो हमलावर उसे धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।