रेडीमेड कपड़े की दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान हुआ
राजपुरा और डेराबस्सी से आई फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
शहर के लोगों ने प्रशासन से की अपना फायर ब्रिगेड स्टेशन बनारे की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बनूड़। शहर के मुख्य बाजार में गुगा माड़ी के किनारे स्थित रेडीमेड कपड़ों की मशहूर दुकान में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का कपड़ा और अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
दुकानदार दिनेश कुमार ने बताया कि वह रविवार की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह करीब तीन बजे दुकान के पास रहने वाले एक सब्जी विक्रेता का फोन आया कि उनकी दुकान से धुआं निकल रहा है। वह दुकान पर पहुंचा और देखा कि दुकान में आग लगी हुई है। उसने तुरंत आसपास के दुकानदारों को फोन पर सूचना दी। आसपास के घरों के लोग जमा हो गए, लेकिन आग इतनी तेज थी कि किसी ने दरवाजा खोलने की हिम्मत नहीं की। दुकानदारों ने तुरंत राजपुरा स्थित फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ देर बाद राजपुरा से दमकल की गाड़ी पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इसी बीच डेराबस्सी से भी दमकल की एक और गाड़ी पहुंची और दोनों गाड़ियों के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया। दिनेश कुमार ने बताया कि अपनी पूरी पूंजी लगाकर बेटों को रेडीमेड कपड़ों का कारोबार कराया था। लेकिन आग से करीब 40 लाख का नुकसान हो गया है। उसने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या कुछ और हो सकता है, अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने घटना का जायजा लिया।
शहर में फायर ब्रिगेड स्टेशन होता, तो रोका जा सकता था नुकसान
यूथ केशरी टीम के नेता जोरा सिंह ने कहा कि उन्होंने कुछ दिन पहले एमपी कोटे से शहर में फायर ब्रिगेड स्टेशन बनाने की मांग की थी। इसको लेकर उनके शहर के वरिष्ठ भाजपा नेता एसएमएस संधू के जरिये सांसद प्रणीत कौर से बात भी हो गई थी। इसके बाद उन्होंने परिषद से स्वीकृति मांगी थी। जब वह उस समय परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी के पास गए, तो उन्होंने मना कर दिया कि फायर ब्रिगेड के लिए परिषद के पास कोई आय नहीं है। अगर आज शहर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी होती, तो इस बड़े हादसे से बचा जा सकता था। आज की आगजनी के बाद शहर में फिर से फायर ब्रिगेड की गाड़ी की मांग उठने लगी है।