नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ऑपरेशन के दौरान कुचलकर भागे कार चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। लांडरां क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे एक ऑपरेशन के दौरान रविवार को बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने नाके के दौरान संदिग्ध लोगों की गाड़ी को रुकने का इशारा किया तो गाड़ी चालक ने पुलिसकर्मी जगदेव सिंह को कुचल दिया। घटना के बाद आरोपी गाड़ी चालक और उसके साथी फरार हो गए। इससे पुलिस विभाग और स्थानीय समुदाय में असुरक्षा का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देख जांच तेज कर दी है। फिलहाल गाड़ी चालक की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने लांडरां क्षेत्र में नशा तस्करी की गतिविधियों की सूचना के बाद नाका लगाया था। दोपहर करीब सवा एक बजे जब पुलिस ने संदिग्ध गाड़ी को रुकने के लिए इशारा किया तो चालक ने गाड़ी की गति को तेज करते हुए पुलिसकर्मी पर चढ़ा दी। इसके बाद उन्हें तुरंत फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी बाईं टांग की हड्डी टूटने और दाएं टखने में फ्रैक्चर की पुष्टि की। हालांकि कोई पुलिसकर्मी और अधिकारी इस बारे में बात करने को तैयार नहीं है।