जीरकपुर। अब बागबानी विभाग ने किसानों की मदद के लिए अलग कदम उठाकर नई पहल की है। जिसमें विभाग ने सोशल मीडिया का सहारा लिया है। जिसमें किसान भाई बिचौलियों की मुनाफाखोरी से बच सकते हैं। अब किसानों की सब्जियों को सोशल मीडिया के जरिये सीधा ग्राहकों तक पहुंचाने का यह अनूठा प्रयास इसलिए किया जा रहा है, जिससे कि किसानों को उनकी मेहनत का ज्यादा से ज्यादा लाभ मिल सके। इसके साथ ही उन्हें बिचौलियों की मुनाफाखोरी से बचाया जा सके। इससे सबसे ज्यादा लाभ किसानों और लोगों को मिलेगा।
ब्लाक डेराबस्सी की इंचार्ज डॉ. वैशाली ने बताया कि उनके विभाग की ओर से अपने तौर पर किसानों की मदद की जा रही है। उन्होंने कहा कि विभाग की डायरेक्टर डॉ. सलिन्दर कौर के आदेशानुसार किसानों की सब्जी को सीधा लोगों को बेचने के लिए अब सोशल मीडिया की मदद ली जा रही है। इससे किसान सीधे अपनी सब्जियां बेच सकेंगे।
विभाग की ओर से जीरकपुर, डेराबस्सी, मोहाली में सोशल मीडिया से सेल्फ हेल्प ग्रुप बनाकर जरूरत के अनुसार सब्जी घर-घर पहुंचाई जाएंगी। इससे किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य मिल सके। आम लोगों को ताजी और साफ सुथरी सब्जी अपने घर बैठे ही मिल जाएंगी। इससे कोरोना जैसी महामारी में घर से बाहर न निकलना पड़े। शनिवार को जीरकपुर में इस स्कीम के तहत कई कालोनियों और सोसाइटियों जिसमें माया गार्ड, सावित्री एनक्लेव और मोना ग्रीन सोसाइटी में सब्जी की बिक्री की गई है।