कुराली। पंजाब सरकार की ओर से गेहूं की बुआई के लिए किसानों को उच्च क्वालिटी का बीज सब्सिडी पर कृषि विभाग के दफ्तरों में दिया जा रहा है। कृषि विभाग की ओर से किसानों को गेहूं की पैदावार के लिए कृषि दफ्तरों से बीज खरीदने और घटिया बीज से बचने की अपील की है।
कृषि अफसर डॉ. गुरबचन सिंह ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए ब्लॉक माजरी के दफ्तरों खिजराबाद, रतबाडा साहिब और कुराली में गेहूं का मंजूदशुदा सर्टीफाइट बीज सब्सिडी पर दिया जा रहा है। किसान केवल पंजाब राज्य बीज प्रमाणित संस्था की ओर से रजिस्टर किए सरकारी, अर्ध-सरकारी संस्थाओं और सहकारी विभाग जैसे पनसीड, एनएससी, पीएयू, करिभको आदि के सेल काउंटरों पर जाकर बीज सब्सिडी पर ले सकते हैं। किसान गेहूं के बीज की सब्सिडी प्राप्त करने के लिए निर्धारित फार्म विभाग की वेबसाइट से डाउनलोड़ करके ब्लॉक दफ्तर में जमा करवाएं जिस पर गांव के सरपंच के हस्ताक्षर होने चाहिए। अधिकारियों ने बताया कि एचडी 3086, उन्नत पीबीडब्ल्यू 343, 550, पीबीडब्ल्यू 677 गेहूं की किस्म पर किसान को सब्सिडी मिलेगी। इस मौके पर कुलदीप सिंह, सुखदेव सिंह आदि भी उपस्थित थे।