शाही माजरा के आरएमसी पॉइंट के पीछे कई दिनों से सुलग रहा कूड़ा, धुएं और आग के खतरे के बीच कारोबारियों की आजीविका पर संकट
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। शाही माजरा में कूड़े के ढेर अब लोगों की सेहत और छोटे कारोबारियों की आजीविका के लिए खतरा बन रहे हैं। आरएमसी पॉइंट के पीछे कई दिनों से कूड़ा सुलग रहा है। सोमवार को यहां लगने वाली साप्ताहिक किसान मंडी में सब्जियों की दुकानें लगाने पहुंचे विक्रेताओं को पुलिस ने हटा दिया। आग और धुएं से खतरे की आशंका के चलते हुई इस कार्रवाई से दुकानदारों को मायूस होकर लौटना पड़ा। वहीं, कूड़े की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से स्थानीय लोगों में भी रोष है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरएमसी पॉइंट के पीछे कई महीनों से सूखा कूड़ा जमा है। इसमें बार-बार आग लगने से आसपास के इलाके में धुआं फैलता है और लोगों को परेशानी होती है। सोमवार को मंडी लगाने पहुंचे सब्जी विक्रेताओं को भी इसी खतरे के चलते वहां से हटने के लिए कहा गया। दुकानदारों के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। लोगों का कहना है कि कूड़े की समस्या का समाधान करने के बजाय आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। ऐसे में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
19 अक्टूबर तक कूड़ा हटाने का भरोसा
शाही माजरा में कूड़े की समस्या को लेकर वार्ड नंबर-9 की पार्षद कुलदीप कौर कंग स्थानीय लोगों के साथ मेयर सरबजीत सिंह समाना से मिलीं। उन्होंने आरएमसी प्वाइंट के पीछे जमा कूड़े में बार-बार आग लगने से पैदा हो रहे खतरे के बारे में बताया और जल्द समाधान की मांग की। पार्षद के मुताबिक, मेयर ने भरोसा दिया है कि 19 अक्टूबर तक कूड़े के ढेर हटवा दिए जाएंगे। इसके बाद यहां ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि तय समय सीमा में कूड़ा हटने से आग और धुएं की समस्या से राहत मिलेगी और इलाके को साफ-सुथरा बनाया जा सकेगा।