मोहाली। चंडीगढ़ सेक्टर 17 की तर्ज पर विकसित किए जा रहे सेक्टर-87 के लिए भूमि अधिग्रहण का मामला गरमा गया है। किसानों ने 5.61 करोड़ रुपये प्रति एकड़ के मुआवजे को अपर्याप्त बताकर उचित मूल्य की मांग की है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हरदेव सिंह उभा ने किसानों को 50 करोड़ रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से अवॉर्ड देने की मांग की है। सेक्टर-87 के आसपास जमीन की बाजार कीमत करीब 30 करोड़ रुपये प्रति एकड़ है। किसानों का कहना है कि मौजूदा बाजार कीमत और तय मुआवजे में बड़ा अंतर है। वे सरकार और गमाडा से मुआवजे के निर्धारण का आधार स्पष्ट करने की मांग कर रहे हैं। गांव सोहाना के नंबरदार हरविंदर सिंह ने भी 50 करोड़ रुपये प्रति एकड़ मुआवजे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार को 5.61 करोड़ रुपये प्रति एकड़ के मुआवजे का आधार बताना चाहिए। गमाडा को अधिग्रहण प्रक्रिया में किसानों के कानूनी अधिकारों का पालन करना चाहिए। जमीन के उचित मूल्य और मुआवजे से जुड़े सभी नियमों का ध्यान रखा जाना चाहिए। किसानों ने सरकार से बाजार कीमत और अवॉर्ड की गणना का आधार स्पष्ट करने को कहा है। इससे उनकी शंकाएं दूर हो सकेंगी। अधिग्रहण में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की अपील की गई है। यह मांग गांव संभालकी, नाज माजरा, सोहाना और माणक माजरा के किसानों की ओर से उठाई गई है।