लांडरां/बनूड़। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में किसानों के साथ हुई वारदात में पीड़ित परिवारों को मिलने जा रहे भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रधान नेता गुरनाम सिंह चढ़नी को मेरठ पुलिस की ओर से हिरासत में ले लिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से भड़के पंजाब और हरियाणा के किसानों ने हाईवे पर स्थित संभू बैरियर पर सोमवार की रात यातायात जाम लगा दिया। यहां शंभू बैरियर पर रात 10 बजे से लेकर 12 बजकर 15 मिनट तक किसानों ने जाम लगाकर पूरी तरह आवाजाही बंद कर दी। साथ ही केंद्र सरकार और यूपी की योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद जब हरियाणा पुलिस के उच्च अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर धरना दे रहे किसानों को सूचना दी कि किसान नेता चढ़ूनी को मेरठ पुलिस ने छोड़ दिया है तो किसानों ने जाम खोल दिया। इसके बाद यहां लगे ट्रैफिक में फंसे वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। इस मौके पर किसानों में सतनाम सिंह सत्ता, किरपाल सिंह सियाओं, गुरमेजर सिंह, गुरविंदर, रिंकू संभू, परमजीत बासमा, जसपाल सिंह मौजूद थे। संवाद