लांडरां/बनूड़। हिट एंड रन मामले में कानून के खिलाफ ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्टरों की ओर से की जा रही हड़ताल को विभिन्न किसान संगठनों ने समर्थन देने की घोषणा की है। यह बात भारतीय किसान यूनियन राजेवाल ने जिला मोहाली के जिला अध्यक्ष किरपाल सिंह की अध्यक्षता में हुई एक आपातकालीन बैठक में कही।इस मौके पर विरोध प्रदर्शन में किरपाल सिंह सियाऊ और जिला प्रधान तेजिंदर सिंह पुनिया के अलावा किसान नेता परमदीप सिंह बैदवान, लखविंदर सिंह कराला, गुरविंदर सिंह सियाऊ, शेर सिंह दैदी, सरपंच मनजीत सिंह तंगोरी और कई अन्य किसान नेता शामिल हुए। बैठक में लंबी चर्चा के बाद किसान नेताओं ने देशभर में ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्टरों ने उक्त कानून पर चर्चा कर इसे पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। किरपाल सिंह सियाऊ ने कहा कि केंद्र सरकार तानाशाही तरीके से मनमाने कानून पारित कर रही है और इससे देश का माहौल खराब हो रहा है। कोई भी कानून संबंधित पक्षों को विश्वास में लेकर बनाया जाना चाहिए। भाकियू चढ़ूनी के जिला अध्यक्ष नंबरदार सतनाम सिंह सत्ता खलौर और भाकियू एकता डकौंदा के जिला मोहाली अध्यक्ष भाई जगजीत सिंह जग्गी कराला ने भी ट्रक चालकों और ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल को समर्थन देने की घोषणा की है।