चंडीगढ़। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने एशिया कप-2023 के लिए टीम इंडिया की घोषणा कर दी है। रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया एशिया कप जीतने के लिए उतरेगी। वहीं, हार्दिक पांड्या टीम की उप-कप्तानी करेंगे। एशिया कप में पिछले कुछ समय से मोहाली के शुभमन गिल के बल्ले से रन न बनने के बावजूद टीम इंडिया में उनकी जगह कायम रखी गई है। वहीं, खरड़ निवासी गेंदबाज अर्शदीप को टीम इंडिया में जगह नहीं मिली है। हालांकि आयरलैंड के खिलाफ अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट चटकाए थे। इस बार एशिया कप का आयोजन पाकिस्तान और श्रीलंका में 31 अगस्त से 17 सितंबर तक किया जा रहा है। एशिया कप में भारत, श्रीलंका, बांग्लादेश, नेपाल, अफगानिस्तान, पाकिस्तान की टीमें दमखम दिखाएंगी। आईपीएल के बाद से खामोश बल्ला - आईपीएल सीजन में शुभमन गिल के बल्ले से रनों की बारिश हुई। 17 मैचों में वह 59.33 की औसत और 157.80 के स्ट्राइक रेट से टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। मौजूदा वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में शुभमन गिल ने निराश किया। पहले दोनों वनडे मैच में शुभमन गिल ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं किया। तीसरे वनडे में गिल ने 85 रनों की पारी खेली, लेकिन 5 मैचों की टी-20 श्रृंखला के पहले तीन मैच में फिर एक बार फ्लॉप रहे।
एक बार फिर आएगा फॉर्म में - शुभमन गिल के पिता लखविंदर गिल ने माना है कि वेस्टइंडीज दौरे पर शुभमन गिल के बल्ले से रन नहीं बने, लेकिन यह खिलाड़ी के साथ होता है। एक सीरीज में नहीं आने के बावजूद बेटा शुभमन एशिया कप में अपनी फार्म में जरूर लौटेगा और अपने बल्ले से जलवा दिखाएगा।
मेहनत जारी रखेगा - एशिया कप में अर्शदीप को भारतीय टीम में जगह नहीं नहीं मिल पाने से इस खिलाड़ी के पिता दर्शन सिंह गिल और मां बलजीत कौर गिल ने कहा कि वह बिल्कुल भी निराश नहीं है। हमारा बेटा जैसे पहले मेहनत करता था, अभी भी मेहनत जारी रखेगा। हमें पूरी उम्मीद है कि आगामी समय में वह एक बार फिर से भारतीय टीम में जगह बना लेगा।