जीरकपुर। जीरकपुर पुलिस ने मंगलवार देर रात नकली शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए शराब से भरा एक कैंटर पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए कैंटर से 275 पेटियां शराब बरामद की हैं। पुलिस ने कैंटर चालक को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ में बिकने वाली शराब को अवैध तरीके से एक कैंटर में लादकर जीरकपुर के रास्ते अंबाला की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही जीरकपुर पुलिस ने तुरंत अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कैंटर को रुकवाया। जब पुलिस टीम ने कैंटर की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। कैंटर से कुल 275 पेटियां शराब बरामद की गईं।
कार्रवाई के दौरान कैंटर चालक मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत काबू कर लिया। पूछताछ में प्रारंभिक जानकारी सामने आई है कि शराब से भरा यह कैंटर हरियाणा की ओर ले जाया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि वहां से इसे अन्य राज्यों में भी सप्लाई किया जाना था।
मामले की जानकारी देते हुए सब इंस्पेक्टर जीवन सिंह ने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे पूछताछ कर इस पूरे तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पूछताछ के बाद इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी संभव है।