डेराबस्सी। एक्साइज विभाग ने पुलिस के सहयोग से शराब की बोतलों के नकली ढक्कन बनाने वाली फैक्टरी का पर्दाफाश किया है। विभाग के अधिकारियों ने बरवाला रोड पर स्थित हंसा औद्योगिक पार्क में चल रही फैक्टरी से विभिन्न ब्रांड के तकरीबन दो लाख से अधिक नकली ढक्कन पकड़े हैं। एक्साइज विभाग के मुताबिक फैक्टरी के तार पंजाब सहित अन्य अलग-अलग राज्यों में अवैध शराब की तस्करी के साथ जुड़े हैं। पुलिस ने फैक्टरी के मालिक समृतपाल सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जानकारी देते एक्साइज विभाग के सहायक कमिश्नर नरेश दुबे ने बताया कि सूचना मिली थी कि बरवाला रोड पर स्थित हंसा औद्योगिक पार्क के प्लाट नंबर 235 में सिया इंडस्ट्री में शराब की बोतलों के नकली ढक्कन बनाकर बेचे जाते हैं। सूचना के मुताबिक चंडीगढ़ के कुछ शराब भरने वाले यहां तैयार ढक्कनों की मदद के साथ बोटलिंग प्लांटों से अवैध शराब निकालकर पंजाब समेत दूसरे विभिन्न राज्यों में शराब की तस्करी करते थे। सूचना पर पुलिस की टीम के साथ छापा मारा तो फैक्टरी मालिक वहां तैयार हो रहे मॉल का कोई भी आर्डर या रिकार्ड नहीं दिखा सका। इस पर पुलिस ने फैक्टरी के मालिक को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
मौके से दो लाख ढक्कन संचेती पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड चंडीगढ़ के बरामद हुए हैं, जिस संबंधी फैक्टरी का मालिक कोई भी आर्डर नहीं दिखा सका। इसके अलावा 20 हजार ढक्कन शादी लाल डिस्टलरी मानसुपुर यूपी के तैयार किए बरामद हुए हैं, जिसकी जांच के लिए यूपी आबकारी विभाग से संपर्क किया गया है, जहां से रिपोर्ट आने के बाद सच्चाई सामने आएगी। वहीं फैक्टरी से ऐसा रिकार्ड भी बरामद हुआ है, जिससे उनकी तरफ से बीते समय दौरान नकद बेचे गए ढक्कनों के बारे में जानकारी हासिल हुई है। विभाग ने फैक्टरी का सारा रिकार्ड कब्जे में ले लिया है। जांच के दौरान अहम खुलासे होने की संभावना है।
पुलिस ने फैक्टरी के मालिक समृतपाल सिंह को अदालत में पेश किया। जहां से उसे पहले एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया। वहीं आज रिमांड खत्म होने के बाद उसे दोबारा अदालत में पेश करके दो दिन का और रिमांड ले लिया। रिमांड के दौरान सामने आएगा कि फैक्टरी में बनने वाले ढक्कन कहां और किस कम के लिए सप्लाई किए जाते थे।