मोहाली। विदेशियों को ऑनलाइन सर्विस के नाम पर ठगने वाले एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश हुआ है। यह फर्जी कॉल सेंटर फेज-11 में बेस्टेक टावर की चौथी मंजिल पर चल रहा था। फेज-11 पुलिस ने इस फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ कर पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। इसमें से तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और बाकी फरार हैं। पुलिस ने निपिन निवासी दिल्ली, वरुण निवासी सेक्टर-8 न्यू दिल्ली, बिक्रम सिंह निवासी खनौरी जिला संगरूर, अमनदीप शर्मा निवासी स्टेशन वाली गली तरनतारन को नामजद कर अज्ञात पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी वरुण कुमार, विक्रम सिंह व अमनदीप शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों पुलिस रिमांड पर हैं। अब इनसे पूछताछ में उनके गिरोह के अन्य लोगों का पता लगाया जा रहा है।साइबर सेल की इंचार्ज इंस्पेक्टर अमनजोत कौर ने बताया कि उनकी पुलिस पार्टी बावा व्हाइट हाउस लाइट प्वाइंट पर नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि बेस्टेक स्कवेयर टावर-ए की चौथी मंजिल पर एक फर्जी कॉल सेंटर चल रहा है जो विदेशियों को ठगते हैं। वहां, दबिश दी तो पता चला कि यहां टैलेंट हब बिजनेस प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी चल रही है। इस कंपनी में काम करने वाले लोग विदेश के लोगों को ऑनलाइन सर्विस के नाम पर सर्विस देने के बहाने से पैसे ठगते हैं। दबिश के दौरान पुलिस को उक्त तीन लोग मिले जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने कंपनी का सारा रिकार्ड, कंप्यूटर व मोबाइल अपने कब्जे में ले लिए हैं। पूछताछ में यह बात सामने आई कि कंपनी को दिल्ली का रहने वाला निपिन चला रहा था। पुलिस मास्टर माइंड की तलाश में दिल्ली रवाना हो गई है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द काबू कर लिया जाएगा।