मोहाली। टीडीआई सेक्टर-118 में वीरवार तड़के एक चलती कार पर अचानक जोरदार धमाका हुआ। यह घटना सुबह करीब 4.45 बजे हुई और कार के डैशकैम में कैद हो गई। इस धमाके से कार में सवार लोगों में दहशत फैल गई।
वायरल वीडियो में कार के अंदर मौजूद महिला के चीखने और चालक के घबराने की आवाज सुनाई दे रही है। वीडियो में गोली चलने जैसी तेज आवाज आई, जिससे चालक घबराकर कार को मौके से तेज गति से भगा ले गया। थाना बलौंगी के थाना प्रभारी पैरीविंकल ने बताया कि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने गोली चलने की बात से इन्कार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह किसी पत्थर से हमला होने का मामला लग रहा है। पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
जांच और आशंकाएं
पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। लूटपाट के इरादे से हमले की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी तरह की लूट या अन्य नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही वारदात की वास्तविक वजह सामने आएगी। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि कार पर वास्तव में गोली चली थी या पत्थर से हमला किया गया था।