डेराबस्सी। कस्बे की साधु नगर कॉलोनी की गली नंबर-7 में एक महिला ने घर की सफाई के बाद कचरे में आग लगा दी। लेकिन कचरे में लगी आग से उसमें पड़ी सैनिटाइजर की बोतल में जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में महिला झुलस गई और उसको अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक गली नंबर-7 के मकान नंबर 1563 निवासी नीतीश ने बताया कि उन्होंने साधु नगर में से अपना घर सरस्वती विहार में शिफ्ट किया है। इसलिए उन्होंने साधु नगर में पुराने मकान में सफाई की और कचरे को गली में जला दिया। लेकिन जैसे ही कचरे में पड़ी सैनिटाइजर की बोतल को आग लगी तो उसमें धमाका होने से उनकी 45 वर्षीय मां दौलत देवी झुलस गई। उन्होंने कहा कि मां को ध्यान नहीं रहा कि कचरे में सैनिटाइजर पुरानी बोतल को आग लगने से ऐसा होगा। उनको सिविल अस्पताल डेराबस्सी में ले जाया गया। यहां के डॉक्टरों ने उन्हें मोहाली फेज 6 के सिविल अस्पताल में भेज दिया है। नीतीश ने कहा कि इस हादसे के वक्त घर में उनके माता-पिता और दो भाई मौजूद थे। इस हादसे के दौरान वह तीनों अंदर के कमरे में थे, इसलिए उनका बचाव हो गया।