अंतिम तिथि नजदीक आने के कारण प्रॉपर्टी टैक्स भरने वालों की एक बार फिर जुटने लगी भीड़
संवाद न्यूज़ एजेंसी
जीरकपुर। पिछले वर्षों का बकाया प्रॉपर्टी टैक्स अदा करने के लिए लोगों को प्रेरित करते हुए पंजाब सरकार की ओर से 3 महीने पहले एक ओटीएस स्कीम शुरू की गई थी। इसके तहत पंजाब सरकार ने लोगों को राहत देते हुए पिछला बकाया प्रॉपर्टी टैक्स अदा करने पर जुर्माना और ब्याज पर 100% छूट दी गई थी। पहले यह छूट 31 जुलाई 2025 तक प्रॉपर्टी टैक्स अदा करने वालों को ही दी थी लेकिन उसके बाद 1 अगस्त को यह छूट की अंतिम तिथि आगे बढ़ाते हुए 15 अगस्त कर दी गई थी। इसके बाद फिर से अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त कर दी गई थी। पहले सप्ताह में लोगों को इस संबंधी जानकारी न होने के कारण प्रॉपर्टी टैक्स अदा करने का रुझान कम ही देखने को मिला लेकिन जैसे-जैसे छूट की अंतिम तिथि नजदीक आ रही है तो लोगों का रुझान भी बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को सुबह से ही बकाया प्रॉपर्टी टैक्स अदा करने वालों की काफी भीड़ देखी गई। जानकारी के अनुसार करीब तीन दिन से ऐसे ही भारी संख्या में लोग बकाया प्रॉपर्टी टैक्स अदा कर रहे हैं जिसके चलते नगर परिषद जीरकपुर को पिछले करीब एक हफ्ते से प्रतिदिन करीब 20 लाख का राजस्व प्राप्त हो रहा है।
कोट्स
भारी संख्या में लोग अपना बकाया प्रॉपर्टी टैक्स अदा करके ब्याज और जुर्माने से छूट प्राप्त कर रहे हैं। जुर्माने और ब्याज पर 100% छूट 31 अगस्त को समाप्त हो जाएगी। 31 अगस्त तक जो लोग इस स्कीम का लाभ नहीं ले पाएंगे उनके लिए 31 अक्टूबर 2025 तक सरकार द्वारा जुर्माने और ब्याज पर 50% छूट दी जाएगी। लोगों को इसका फायदा जरूर लेना चाहिए।
प्रोमिला चौहान, सुपरिंटेंडेंट, नगर परिषद जीरकपुर