जीरकपुर। एक्साइज विभाग की टीम ने शुक्रवार देर रात पीरमुछल्ला के होटल स्टे वेल में छापा मारकर बिना लाइसेंस शराब परोसने का मामला पकड़ा। एक्साइज इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टीम होटल पहुंची थी जहां छत पर कुछ लोग शराब पीते मिले, जो पुलिस को देखकर भाग निकले।
होटल मैनेजर अश्वनी शर्मा, निवासी मंडी (हिमाचल प्रदेश) से जब शराब परोसने का लाइसेंस मांगा गया तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। टीम ने मौके से शराब की बोतलें, गिलास और अन्य सामान जब्त कर लिया। इसके बाद एक्साइज विभाग ने ढकोली थाने में शिकायत दी, जिस पर एफआईआर दर्ज कर ली गई।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सिमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एक्साइज एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच हेड कांस्टेबल संदीप कुमार को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।