मोहाली। सेक्टर-69 स्थित कम्युनिटी सेंटर में पूरब प्रीमियम अपार्टमेंट के 550 फ्लैट्स की अलॉटमेंट के लिए ड्रॉ निकाले गए। ड्रॉ को लेकर लोगों में उत्साह कम दिखा क्योंकि 313 लोगों ने इसके लिए आवेदन किया था और सबको पता था कि उन्हें फ्लैट मिल ही जाएगा। बस गमाडा ने इतना तय करना था कि किस फ्लोर पर और कौन सा फ्लैट किसका होगा। ड्रॉ निकलते ही सबको अपने सपनों का घर मिल गया। अतिरिक्त मुख्य प्रशासक (वित्त एवं लेखा) बलविंदर सिंह, अतिरिक्त मुख्य प्रशासक (गमाडा) अमरिंदर सिंह टिवाना और मिल्ख अधिकारी (आवास) हरकीरत कौर चाने की देखरेख में किया गया। विभिन्न श्रेणियों में सफल आवेदकों और प्रतीक्षा सूची में शामिल आवेदकों को 9 अक्तूबर तक अपनी पात्रता साबित करने के लिए दस्तावेज जमा करने होंगे। सफल आवेदकों को आवंटन पत्र ऑनलाइन भेजे जाएंगे। 27 अक्तूबर तक गमाडा अलॉटमेंट लेटर जारी करेगा। इसकी सूचना आवेदन को एसएमएस से मिलेगी। किसी कारणवश आवेदक अलॉटमेंट लेटर डाउनलोड नहीं कर पाता है तो वह कार्यालय में संपर्क कर सकता है।