मोहाली। किसानों के समर्थन में चंडीगढ़ में गिरफ्तार हुए 13 साल के अभिजोत की हर तरफ तारीफ हो रही है। सोशल मीडिया पर जहां उसकी शान में कसीदे पढ़े जा रहे हैं, वहीं आम लोग भी उसके हौसले की दाद दे रहे हैं। यही वजह है कि बुधवार को शिअद के प्रधान सुखबीर बादल ने भी अभिजोत से वीडियोकॉल के जरिए बात की। साथ ही उसका हौसला बढ़ाया।
अभिजोत फेज-11 में रहता है। उसके पिता की वहीं पर दुकान है। शनिवार को चंडीगढ़ सेक्टर-48 स्थित मोटर मार्केट में किसानों ने भाजपा नेताओं का विरोध किया था। इस प्रदर्शन में अभिजोत भी शामिल था। चंडीगढ़ पुलिस ने अन्य समर्थकों के साथ उसे भी पकड़ लिया था। जब उसे बस में बैठाकर ले जाया जा रहा था तो मीडिया से बातचीत में उसने कहा था कि पुलिस भले ही उसे जेल ले जाए, उसे परवाह नहीं है। अगर उसे कुछ हो जाता है या वह मर भी जाए तो सिंघु बॉर्डर से कोई किसान नेता उसे लेने आ जाए। अभिजोत का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद कई संस्थाएं और समाज सेवियों ने उसे सम्मानित किया।
बुधवार को अकाली दल के महासचिव अजयपाल सिंह मिढ्ढूखेड़ा और अन्य नेता अभिजोत से मिलने पहुंचे। उन्होंने करतार सिंह सराभा की पुस्तक भेंट कर उसे सम्मानित किया।