मोहाली। विजिलेंस मुख्यालय पर हुए ग्रेनेड हमले को देखते हुए इस बार 75वें स्वतंत्रता दिवस को मनाने की तैयारियों के बीच जिला पुलिस हाई अलर्ट पर है। राज्य में गैंगस्टरों के हमले और तस्करी की बढ़ी वारदातों के मद्देनजर पुलिस दो महीने से लगातार सोसायटियों से लेकर शॉपिंग मॉल तक में कड़ी जांच कर रही है। जिले में रविवार को छुट्टी का दिन होने के बाद भी पुलिस ने सिटी-1 और सिटी-2 जोन के अंतर्गत आने वाले एरिया के चप्पे-चप्पे को खंगाला।
एडीजीपी सुरक्षा सुधांशु एस श्रीवास्तव मोहाली में सुरक्षा प्रबंधों का खुद जायजा ले रहे हैं। पुलिस और खुफिया विभाग द्वारा मिलकर जिले में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। रविवार को फेज-8 के अंतर्गत दर्शन विहार सोसायटी में भी जांच की गई। थाने के एसएचओ राजेश अरोड़ा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिला पुलिस ने सुबह 12 बजे तक सर्च अभियान चलाया। दर्शन विहार सोसायटी में करीब 30 से 35 घरों में रह रहे लोगों से पूछताछ की। हालांकि इस दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला है। पुलिस ने फ्लैट में रह रहे युवकों से अलमारियां, सूटकेस व बैग खुलवा कर तलाशी ली। पुलिस ने मकान मालिकों के बारे में भी पूछताछ की। उन्होंने बताया कि पुलिस रोज सुरक्षा कड़ी करते हुए इलाके को नाकों से सील करते हुए छानबीन कर रही है।
यहां हैं सुरक्षा के विशेष इंतजाम
मोहाली स्थित इंटरनेशनल एयरपोर्ट, भीड़भाड़ वाले बाजार, रेलवे स्टेशन को खासतौर पर सुरक्षा के घेरे में लिया गया है। खुफिया विभाग ने विशेष रूप से सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा बढ़ाने पर जोर दिया गया है। लिहाजा प्रमुख धरोहरों और स्थानों की सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।