मोहाली। फेज-1 में इस वर्ष विजयदशमी का उत्सव परंपरा और पर्यावरण जागरूकता के साथ मनाया जाएगा। श्री रामलीला एवं दशहरा कमेटी द्वारा रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का भव्य दहन किया जाएगा, जिसमें केवल ग्रीन और पर्यावरण-अनुकूल पटाखों का इस्तेमाल होगा।
इस वर्ष आयोजन का विषय है पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ, ताकि बच्चों और युवाओं को उत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण की सीख दी जा सके। कमेटी के प्रधान आशु सूद ने बताया कि आयोजन में प्रदूषण को कम करने और सुरक्षित उत्सव सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
रावण का पुतला लगभग 35 फीट ऊंचा बनाया गया है। शाम 4 बजे से आतिशबाज़ी और सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे, जिनमें स्थानीय कलाकार और सांस्कृतिक समूह भाग लेंगे। पुतला दहन स्थल पर भीड़ प्रबंधन, आग बुझाने की व्यवस्था और मेडिकल सहायता के इंतजाम किए गए हैं। दर्शक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और ग्रीन रावण दहन का आनंद ले सकेंगे, जिससे पर्यावरण सुरक्षा का संदेश भी मिलेगा।