फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mohali News: खिजराबाद में मुठभेड़, क्रॉस फायरिंग में पैरों में लगी गोली, तीन बदमाश गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
नयागांव। न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) के खिजराबाद में शनिवार को मोहाली पुलिस की स्पेशल सेल व बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। क्रॉस फायरिंग में तीन बदमाशों को पांच गोलियां लगीं। एक के पैर में तीन और बाकी दो के पैरों में दो-दो गोलियां लगने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस ने मोहाली के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। तीनों बदमाश हरियाणा के रहने वाले हैं। उनकी पहचान अक्षय (25) निवासी वाल्मीकि मोहल्ला, शास्त्री नगर (हिसार), नरेश कुमार (40) गांव अहिरका (जींद) और सुनील कुमार निवासी गांव मंगाली मोहब्बत (हिसार) के रूप में हुई है। तीनों बदमाशों से पुलिस ने दो पिस्टल और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। माजरी ब्लॉक थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ इरादा कत्ल व आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया है। जांच में पता चला है कि तीनों बदमाशों ने पिछले महीने डेराबस्सी में एक महिला की गोली मारकर हत्या की थी। इस मामले में वे फरार चल रहे थे। पुलिस तीनों को तलाश कर रही थी। इस वारदात में सीआईए स्टाफ मोहाली की टीम ने सुभाष नाम के आरोपी को पकड़ा था, जिससे मिले इनपुट के बाद ये बदमाश पुलिस के रडार पर थे।
विज्ञापन

शनिवार को स्पेशल पुलिस टीम को सूचना मिली कि डेराबस्सी में हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश मुल्लांपुर से सटे खिजराबाद क्षेत्र में ईंट के भट्ठे के पास संदिग्ध हालत में घूम रहे हैं। स्पेशल सेल के डीएसपी गुरशेर सिंह संधू के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल बदमाशों को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंची और उन्हें घेर लिया। पुलिस ने बदमाशों को सरेंडर करने को कहा तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की जिसमें तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए।
पुलिस को शक है की आरोपी हिमाचल भागने की फिराक में थे क्योंकि जिस जगह एनकाउंटर हुआ है, वह इलाका हिमाचल की सीमा के साथ लगता है। तीनों बदमाशों पर कई संगीन धाराओं में मामले दर्ज हैं। शूटर नरेश पर जहां 12 से 14 डकैती व मर्डर के केस दर्ज हैं वहीं अक्षय दो मामलों में नामजद है।
विज्ञापन


सरोज की बहू के मामा ने दी थी हत्या की सुपारी
बीते 12 फरवरी को डेराबस्सी के मुबारकपुर रामगढ़ रोड स्थित गांव दफरपुर की गुरु नानक कॉलोनी में दो नकाबपोश युवकों ने घर के बाहर बैठी 61 वर्षीय महिला सरोज पर ताबड़तोड़ कई गोलियां चलाईं थीं। सरोज को दो गोलियां लगीं थीं। गंभीर हालत में उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल कराया गया था जहां इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पड़ोस के मकान में लगे कैमरे में वारदात कैद हो गई थी। इसमें दोनों युवक गोली चलाते दिख रहे थे। जांच में पता चला कि सरोज की बहू का पारिवारिक झगड़ा चल रहा था। विवाद को सुलझाने के लिए एक दिन हरियाणा से बहू का मामा सुभाष सरोज के घर आया लेकिन सरोज ने उसे बहू से मिलने नहीं दिया। यही नहीं अपने रिश्तेदारों के साथ मिलकर सरोज ने सुभाष की पिटाई कर दी और उसके कपड़े फाड़ दिए। इससे सुभाष आहत हो गया और सरोज को मारने की साजिश रचने लगा। उसने अपने पैतृक गांव के एक बदमाश नरेश कुमार को सरोज की हत्या के लिए 25 हजार रुपये की सुपारी दे दी। इसके बाद दो बदमाशों ने सरोज पर फायरिंग कर उसकी हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने दो अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। बाद में पुलिस ने सुभाष को गिरफ्तार कर लिया था। अब पुलिस यह पता कर रही है कि तीसरे बदमाश सुनील की डेराबस्सी हत्याकांड में संलिप्तता है या नहीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें