मोहाली। जिले के युवाओं को अब रोजगार हासिल करने के लिए धक्के नहीं खाने पडे़ंगे। करीब 50 नामी नेशनल व इंटरनेशनल कंपनियां युवाओं के चुनाव के लिए उनके इलाकों के कॉलेजों व शैक्षणिक संस्थानों में जाएंगी। यह जानकारी सोमवार को डीसी गिरीश दियाल ने दी। उन्होंने बताया कि 20 से 30 सितंबर तक पूरे जिले के विभिन्न कॉलेजों में रोजगार मेले लगवाए जा रहे हैं। मेलों की तैयारियों को लेकर उन्होंने जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स में विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों व पंजाब हुनर विकास मिशन के ट्रेनिंग पार्टनरों से मीटिंग की। साथ ही उक्त मेलों को कामयाब बनाने के लिए रणनीति बनाई। मीटिंग में एडीसी साक्षी साहनी भी हाजिर रहीं।
डीसी ने बताया कि 20 से 30 सितंबर तक सीजीसी लांडरां, स्वाइट आईटीआई, फेज-पांच आईटीआई, सरकारी कॉलेज डेराबस्सी, सरकारी कॉलेज फेज-छह मोहाली व खालसा कॉलेज मोहाली में रोजगार मेले करवाए जा रहे हैं। इनमें मारुति सुजुकी, आईसीआईसी बैंक, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, जस्ट डायल, अमोजोन व जोमैटो जैसी 50 से अधिक कंपनियां विद्यार्थियों की सिलेक्शन के लिए पहुंचेगी। इस दौरान स्व रोजगार के मौके मुहैया करवाने के लिए विभागों की तरफ से काउंटर भी लगाए जाएंगे। जहां पर संबंधित विभागों को स्व रोजगार के लिए दी जाने वाली ट्रेनिंग के बारे में जानकारी दी जाएगी। साथ ही मौके से फार्म भरे जाएंगे। मीटिंग में जिला रोजगार अफसर हरप्रीत कौर बराड़, जरनल मैनेजर उद्योग केंद्र एचएस पन्नू, उप मुख्य कार्यकारी अफसर जिला रोजगार व कारोबार ब्यूरो मनजेश कुमार समेत कई लोग हाजिर थे।
अब इंटरव्यू में भी नहीं आएगी दिक्कत
इस बार नौकरी के लिए इंटरव्यू देने आए लोगों को दिक्कत न आए इसके लिए भी पूरी तैयारी की गई है। डीसी ने बताया कि विद्यार्थियों के लिए अब जिला प्रशासन में स्किल डेवलपमेंट व सॉफ्ट स्किल की फ्री कक्षाएं लगाई जा रही हैं। वहीं, मेलों में अधिक से अधिक लोग हिस्सा लें, इसके लिए एक पोर्टल लांच किया जा रहा है। जहां पर मेलों से संबंधी सारी जानकारी आसानी से हासिल कर पाएंगे।