मोहाली। बिजली कर्मचारी एकता मंच पंजाब, जाइंट फोरम पंजाब, एसोसिएशन ऑफिस जूनियर इंजीनियर्स, पावरकॉम ट्रास्को पेंशनर यूनियन पंजाब, ईटीसी पंजाब, ग्रिड सबस्टेशन यूनियन पंजाब के संयुक्त आह्वान पर सर्कल दफ्तर में विरोध रैली कर नारेबाजी की। फेडरेशन एटक, एमएसयू, पावरकॉम ट्रासको यूनियन के प्रतिनिधियों मोहन सिंह गिल, सुरिंदरपाल सिंह, मनजीत सिंह, लालड़ू से मोहन राणा, महिंदर सिंह सैनी, जगमोहन सिंह हंडेसरा और फेडरेशन एटक सदस्य बिजली मुलाजिम एकता मंच के महासचिव सुरिंदरपाल सिंह लाहौरिया ने कहा कि 2 जून को बिजली मंत्री हरभजन सिंह की मौजूदगी में हुई बैठक में समझौतों को लागू नहीं किया गया। विभाग में 45 हजार खाली पदों को नहीं भरा गया और नए कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग का लाभ नहीं दिया गया। इस अवसर पर उन्होंने मांग की कि भवनों की हालत सुधारी जाए, विभाग में कार्यरत आउटसोर्सिंग व पेस्को कर्मचारियों को नियमित किया जाए। अनुकंपा के आधार पर कार्यरत कर्मचारियों का उत्पीड़न बंद किया जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मैनेजमेंट ने कर्मचारियों के साथ हुए समझौते को लागू नहीं किया तो सभी कर्मचारी 27 जुलाई को भारी संख्या में अमृतसर पहुंचेंगे और विरोध प्रदर्शन करेंगे।