नयागांव। खाताधारकों के करोड़ों रुपये के गबन के मामले में पुलिस पांच दिन से न्यू चंडीगढ़ मुल्लांपुर के गांव बांसेपुर स्थित एक्सिस बैंक शाखा के मैनेजर आरोपी गौरव शर्मा से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में उससे कुछ खास जानकारी नहीं मिल पाई है। ऐसे में पुलिस वीरवार को रिमांड खत्म होने पर एकबार फिर अदालत से आरोपी का रिमांड बढ़ाने की मांग करेगी। मुल्लांपुर पुलिस ने आरोपी मैनेजर को 24 फरवरी को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया था। वह नेपाल भागने की फिराक में था। आरोपी को रिमांड पर लेकर पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने गबन किए गए पैसों को जाली खातों से कहां ट्रांसफर किया है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी के खातों का पिछले चार साल का रिकॉर्ड भी खंगाला है। इसमें सामने आया है कि आरोपी के खातों से लगभग साढ़े छह करोड़ रुपये अलग-अलग बैंक खातों में भेजे गए हैं। अब पुलिस उन खातों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें आरोपी ने पैसे भेजे हैं। पुलिस ने कई कंपनियों के करंट खातों की सूची भी तैयार की है जिनके धारकों का पता लगने पर पूछताछ की जाएगी।
उधर, 15 दिन बीतने के बाद भी खाताधारकों के पैसे नहीं मिले हैं। पीड़ितों ने इसके लिए बैंक के आगे धरना प्रदर्शन भी किया था। अब खाताधारकों ने सोमवार को चंडीगढ़ में एक्सिस बैंक की मुख्य शाखा के घेराव का एलान किया है। दावा है कि पंजाब के पूर्व कैबनिट मंत्री जगमोहन सिंह कंग इसमें शामिल होंगे। उधर, बैंक के अधिकारी पैसे लौटाने के लिए तीन माह का समय मांग रहे हैं। खाताधारकों का कहना है कि उनके पास खर्चे के लिए पैसे नहीं हैं।