डेराबस्सी। मुबारकपुर में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से घायल बिजली विभाग के सहायक लाइनमैन सतविंदर सिंह की पीजीआई में 17 दिन के इलाज के बाद मंगलवार को मौत हो गई। सतविंदर 19 नवंबर को 22 साल के होने वाले थे और अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी मौत ने बिजली विभाग में कर्मचारियों की सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। यह हादसा 1 नवंबर की रात हुआ था, जब एक ट्रक की टक्कर से बिजली का खंभा टूट गया था। मरम्मत के दौरान खंभे पर काम करते समय सतविंदर को अचानक करंट लगा और वह नीचे गिर गए। गंभीर हालत में उन्हें पीजीआई रेफर किया गया, पर 17 दिन के उपचार के बाद भी बचाया नहीं जा सका। संवाद