जीरकपुर। एक ओर तो पंजाब सरकार 24 घंटे बिजली देने के दावे ठोक रही है और वहीं, दूसरी ओर लोगों को 18 से 20 घंटे के कटों से परेशान होना पड़ रहा है। बलटाना की एकता विहार सोसाइटी में मंगलवार रात साढ़े 10 बजे से लेकर बुधवार शाम 5 बजे तक बिजली बंद रही। इस कारण स्थानीय लोग गर्मी में बेहद परेशान हुए। लोगों की परेशानी तब बढ़ी जब विभाग ने बिजली सप्लाई चालू की तो फिर आधे घंटे बाद गुल हो गई। इसके बाद देर रात तक सप्लाई बहाल नहीं हुई। लोगों को बिजली की आपूर्ति के लिए अपने इनवर्टर अथवा जनरेटर पर निर्भर रहना पड़ रहा है, लेकिन बिजली नही आएगी तो उनको भी चार्ज करना मुश्किल हो रहा है। 18 घंटे के लंबे कट के कारण लोगों को फ्रिज का ठंडा पानी पीना तो दूर उनको पंखे की हवा भी नसीब नहीं हो रही है। इसके चलते स्थानीय लोगों ने इकट्ठे होकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर स्थानीय निवासियों में मुकेश कुमार, हरीश चंद्र, सुरजीत सिंह, बलविंदर क्वात्रा, संजय बंसल और एसपी डोगरा ने बताया कि मंगलवार रात 8 बजे बिजली चली गई थी जब आधा घंटा बिजली नही आई तो लोगों ने बिजली विभाग के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर फोन करना शुरू किया लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं मिला इसके बाद रात को करीब 10 बजे लाइट आई और फिर साढ़े 10 बजे चली गई। इसके बाद दोबारा से हेल्पलाइन नंबर 1912 पर फोन करना शुरू किया तो विभाग का फोन कनेक्ट ही नहीं हो रहा था। इसके चलते पूरी रात लोगों को परेशान होना पड़ा। लोगों ने बताया कि बुधवार सुबह लोगों ने विभाग के अधिकारियों से बिजली सप्लाई चलाने की गुहार बार बार लगाई तो करीब साढ़े 12 बजे बिजली कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अपने साथ एक ट्रांसफार्मर भी लेकर आए। लेकिन हैरानी की बात है के शाम 4 बजे तक बिजली विभाग के कर्मचारी ट्रांसफार्मर को उठाने के लिए क्रेन का इंतजार करते रहे। जिससे परेशान लोगों ने कहा कि अगर इतने घंटे क्रेन ही नहीं आनी थी तो उन्हें बहाने लगाने की क्या जरूरत थी। लोगों ने कहा कि वह अपने खर्च पर ही क्रेन मंगवा देते। इस दौरान यहां जमा हुए लोगों ने सरकार व पॉवरकाम विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि हमें मुफ्त बिजली नही चाहिए भले सरकार हम से बिजली के पूरे पैसे ले ले लेकिन हमें बिजली दी तो जाए। यदि एक दिन में 18 से 20 घंटे सप्लाई बंद रहे तो उन्हें फ्री बिजली कि जरूरत नहीं है। लोगों ने कहा कि अब सरकार के 24 घंटे बिजली देने के दावे कहां हैं। लोगों ने यह भी कहा कि अगर मुख्यमंत्री के घर, दफ्तर व अन्य सरकारी दफ्तरों में 24 घंटे बिजली रह सकती है तो लोगों को क्यों नहीं मिल सकती।
कोट्स
एकता बिहार में ट्रांसफार्मर खराब हो गया था, खराब ट्रांसफार्मर की जगह नया लगाने का काम चल रहा है। क्रेन मौके पर पहुंच चुकी है और हमारे कर्मचारी कम पर लगे हुए हैं। पहले क्रेन कहीं ओर फाल्ट ठीक कर रही थी। जल्द ही बिजली सप्लाई चालू कर दी जाएगी। -आशीष कुमार, जेई पॉवरकाम विभाग जीरकपुर