मोहाली। जिले में मंगलवार को होने वाले ग्राम पंचायत चुनाव के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जिले की 266 ग्राम पंचायतों के लिए जिला मोहाली में मतदान होगा। मोहाली, डेराबस्सी, खरड़ और माजरी ब्लॉक में पंचायत के लिए मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शुरू होगी और शाम 4 बजे तक मतदान होगा। जिले में कुल 63 पंचायतों का चयन पहले ही निर्विरोध किया जा चुका है।
जिले में 46 अतिसंवेदनशील और 103 संवेदनशील बूथ हैं। इनके लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई है। जिल में पंचायत चुनाव के दौरान कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए वीडियोग्राफी का प्रबंध किया गया है। उन्होंने कहा कि मतदान पूरा होने के बाद संबंधित गांव के नतीजों की घोषणा के लिए उसी मतदान स्थल पर मतगणना होगी।
डीसी और एसएसपी ने किया दौरा
जिले में होने वाले पंचायत चुनाव में स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए मोहाली की डीसी आशिका जैन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक पारिक ने डिस्पैच सेंटरों और अतिसंवेदनशील बूथों का दौरा किया और चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुचारू बनाए रखने के लिए सिविल और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। डिप्टी कमिश्नर और एसएसपी ने डिस्पैच सेंटर सरकारी स्कूल 3बी1, मोहाली, अतिसंवेदनशील बूथ सरकारी हाई स्कूल लांडरां और सरकारी कॉलेज डेराबस्सी के डिस्पैच सेंटर का दौरा कर अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के अलावा मतदान प्रक्रिया को निर्विवाद रखने के निर्देश जारी किए। जिले में 46 अतिसंवेदनशील और 103 संवेदनशील मतदान केंद्र हैं जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
इस दौरान स्थिति को संभालने और जरूरत पड़ने पर तुरंत मौके पर पहुंचने के लिए चुनाव ड्यूटी सुरक्षा कर्मियों, मोबाइल टीमों और गश्ती दलों का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षकों और डीएसपी को विशेष क्षेत्रों की निगरानी का काम सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, इस बारे में एडीसी (डी) सोनम चौधरी, जो अतिरिक्त जिला चुनाव अधिकारी का कार्यभार संभाल रही हैं, उन्होंने बताया कि मंगलवार को होने वाले पंचायत चुनाव के मद्देनजर, सभी मतदान दलों को डिस्पैच केंद्रों से सफलतापूर्वक उनके गंतव्यों के लिए रवाना कर दिया गया है।
कोट्स
मोहाली जिले की सभी 266 ग्राम पंचायतों में चुनाव मंगलवार को सुबह 8 बजे से होने जा रहे हैं और शाम 4 बजे तक मतदान चलेगा। 63 गांवों में पंचायतें निर्विरोध हैं। ग्राम पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाने के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं। -आशिका जैन, उपायुक्त, मोहाली