मोहाली। शहर में नगर निगम चुनाव के लिए जंग तेज हो गई। शनिवार को अकाली दल की ओर से अपने 28 उम्मीदवारों को पहली सूची जारी कर दी गई। इस दौरान पूर्व पार्षदों, उनकी पत्नियों और पंथक नेताओं को तब्बजो दी गई। हालांकि अकाली दल के कई नामी नेताओं की सीटों का एलान नहीं हुआ है। जिनके सहारे पांच साल अकाली दल शहर में सक्रिय रहा था। इससे लग रहा है कि अकाली दल के अंदर कुछ ठीक नहीं चल रहा है। हालांकि वरिष्ठ अकाली नेता प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने कहा कि जल्दी ही बाकी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की ओर से कमेटी का गठन किया गया था। कमेटी के चेयरमैन प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा, एनके शर्मा, चरनजीत सिंह बराड़, सरदार कमलजीत सिंह रूबी को शामिल किया गया था। इसके बाद कई दौर की बैठकों के बाद 28 नामों की घोषणा की गई।
वहीं, सूत्रों की मानें तो कुछ सीटों पर अभी पेच फंसा हुआ है। इस दौरान जो उम्मीदवार घोषित किए गए हैं, उनमें वार्ड नंबर-1 से प्रीतइंदर कौर, 2 से हरमनप्रीत सिंह प्रिंस, 3 से सतनाम कौर सोहल, 5 से कुलदीप कौर भंगू, 6 से इंदरप्रीत कौर प्रिंस, 8 से अर्जुन सिंह शेरगिल, 10 से परमजीत सिंह काहलों, 13 से सुरेश कुमारी, 16 से मनजीत सिंह लुबाना, 17 से हरविंदर कौर, 18 से तनमीत कौर शाहीवाल, 20 से बीरदविंदर सिंह, 25 से अमर कौर तसंबली, 26 से रविंदर सिंह बिंदरा, 28 से रमनदीप कौर, 29 से कुलदीप कौर धनोआ, 30 से जसवीर कौर अतली, 31 से सर्बजीत कौर सिद्घू, 32 से सुरिंदर सिंह रोढ़ा, 33 से हरजिंदर कौर सोहाणा, 34 से सुखदेव सिंह पटवाली, 35 से राजिंदर कौर कुंभड़ा,36 से रमेश कुमार कंबोज, 40 से कमलजीत कौर, 43 से राजिंदर कौर, 44 से तरनजोत सिंह पाहवा, 45 से मनजीत कौर और वार्ड नंबर-48 से इकबाल सिंह प्रिंस को उम्मीदवार घोषित किया गया है।
अब कुलवंत गुट पर नजर
जानकारी के मुताबिक जो अकाली दल की ओर से 28 उम्मीदवार घोषित किए गए हैं, उनमें पूर्व मेयर एवं सीनियर अकाली नेता कुलवंत सिंह समेत कई नेताओं की सीटों का एलान नहीं किया गया। सूत्रों की मानें तो कई सीटों पर पेंच फंस रहा है। कई नेता पार्टी निशान पर चुनाव लड़ने को तैयार नहीं। पता चला है कि कुलवंत सिंह इस बार चुनाव लड़ने के पक्ष में नहीं हैं। वहीं, उनके बेटे भी आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि इस बारे में अकाली नेता बोलने से बच रहे हैं।
भाजपा नेता पहुंचे उम्मीदवारों की तलाश में
जानकारी के मुुताबिक सीनियर भाजपा नेता केडी भंडारी शनिवार को शहर में रहे। इस दौरान उन्होंने निगम चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों से एक-एक करके बाचतीत की। इस बारे में पार्टी के सीनियर नेता अशोक झा ने बताया कि भाजपा भी चुनाव की तैयारियां कर रही है। अगले हफ्ते तक भाजपा की भी कोशिश रहेगी कि उम्मीदवारों का एलान कर दिया जाए। उन्होंने बताया कि सभी 50 वार्डों पर भाजपा चुनाव लड़ेगी।
कांग्रेस पंद्रह तक कर सकती है एलान
जानकारी के मुताबिक कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार भले ही अपने एरिया में सक्रिय हैं। हालांकि पार्टी हाईकमान ने 12 तक चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों से आवेदन मांगे हैं। ऐसे में उम्मीद है कि इसके बाद ही उम्मीदवारों का एलान होगा। पार्टी के सीनियर नेता कुलजीत सिंह बेदी ने कहा कि उनकी तरफ से तैयारियां पूरी हैं। उम्मीदवारों का औपचारिक एलान पार्टी हाईकमान ने करना है।
‘आप’ में मीटिंगों का दौर
जिला मोहाली में आम आदमी पार्टी भी चुुनाव के लिए तैयारियां कर रही है। पार्टी के नेता लगातार मीटिंग कर रहे हैं। वहीं, सूत्रों की मानें तो आप की योजना भी अगले हफ्ते तक उम्मीदवारों के एलान करने की है।